सीएलसी प्री फाउंडेशन विंग सीएचएस में मेडल एवं मोटिवेशन सेरेमनी का आयोजन

CLC PRE-FOUNDATION विंग सीएचएस में मेडल एवं मोटिवेशन सेरेमनी का आयोजन

Aug 14, 2026 - 13:08
 0  2
सीएलसी प्री फाउंडेशन विंग सीएचएस में मेडल एवं मोटिवेशन सेरेमनी का आयोजन

सीएलसी प्री फाउंडेशन विंग सीएचएस में मेडल एवं मोटिवेशन सेरेमनी का आयोजन
सीकर। सीएलसी द्वारा संचालित प्री-फाउंडेशन विंग सीएचएस में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने एवं उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करने के उद्देश्य से मेडल एवं मोटिवेशन सेरेमनी का आयोजन किया गया जिसमें टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएलसी निदेशक इंजीनियर श्रवण चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर ऐसी क्षमताओं को विकसित करने का समय है, जो भविष्य में उन्हें बड़ी सफलताओं तक ले जाएं।

इंजीनियर श्रवण चौधरी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती। यह रोज किए गए छोटे-छोटे प्रयासों, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार समर्पण से तैयार होती है। इसलिए परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने लक्ष्य को कभी छोटा मत होने देना और अपनी मेहनत को कभी रुकने मत देना। जो विद्यार्थी आज अपने सपनों के लिए मेहनत करना सीख जाता है, वही कल अपनी सफलता की कहानी खुद लिखता है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लें और हर दिन स्वयं को पहले से बेहतर बनाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। 

इस अवसर पर सीएलसी निदेशक इंजीनियर श्रवण चौधरी ने बताया कि 17 अगस्त को गुरुदेव के जन्मदिन के अवसर पर सीएलसी की सभी शाखाओं में कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए ‘मैथ्स क्वेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी गणितीय प्रतिभा को प्रदर्शित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सीएलसी सीओओ समर चौधरी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर सीखने और अपनी क्षमताओं को चुनौती देने की आदत ही विद्यार्थियों को सामान्य से उत्कृष्ट बनने की दिशा में ले जाती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए हर अवसर का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सीएचएस एकेडमिक हेड नीलेश पिलानिया सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow